इस साल अवैध खनन के 1250 मुकदमे दर्ज हुए, 1263 आरोपी गिरफ्तार किए गए
राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नवदीप सिंह विर्क ने कहा- अवैध खनन को हर हाल में रोकेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो हर महीने प्रत्येक थाने में दर्ज अवैध खनन व अवैध शराब की बिक्री के मामलों की समीक्षा करेगा। ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नवदीप सिंह विर्क ने अनुसंधान अधिकारियों व थाना प्रबंधकों की समीक्षा बैठक में कहा कि ब्यूरो संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके समय-समय पर विशेष अभियान चलाए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और अवैध शराब की बिक्री राजकीय कोष का घाटा है इसे हर हाल में रोकना होगा। प्रत्येक माह थानों में दर्ज सभी मुकदमों की समीक्षा बैठक होगी।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नवदीप विर्क ने बताया कि 2025 में राज्य प्रवर्तन ब्यूरो द्वारा खनिज के क्षेत्र में खनिज दोहन को नियंत्रित करने के लिए 6697 साइट्स चेक की गईं। 2559 वाहनों की जांच की गई। कुल 1250 मुकदमे दर्ज किए गए। 1263 आरोपी गिरफ्तार किए गए जबकि 1095 मुकदमों का निपटान किया गया। कुल 18 करोड़ 86 लाख 78 हजार 434 रुपये का जुर्माना लगाया गया और आठ करोड़ 64 लाख 57 हजार 502 रुपये की वसूली की गई।
उन्होंने कहा कि आबकारी एवं कराधान विभाग राज्य का महत्वपूर्ण विभाग है। विभाग की ओर से लाइसेंस धारकों की शराब बिक्री की निगरानी की जाती है। 2025 में शराब की तस्करी पर रोक के लिए 6528 साइट्स की जांच की गई। 181 मुकदमे दर्ज किए। 318 मुकदमों का निपटान किया गया। 9427.945 लीटर अंग्रेजी, 21630.412 लीटर देसी, 5885.95 लीटर बीयर जब्त की गई। 32 वाहन जब्त किए गए और 231 आरोपी गिरफ्तार किए गए। प्रवर्तन ब्यूरो ने बीते साल अतिक्रमण के मामलों के 935 मुकदमे दर्ज किए। 371 मुकदमों का निपटान किया गया और 1382 आरोपी गिरफ्तार किए।