- वीरवार की शाम को पंचकूला पुलिस में शिकायत, रात में ही खाते में राशि ट्रांसफर
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड का 753 करोड़ रुपये का फंड पंचकूला स्थित एचडीएफसी बैंक की ओर से वीरवार रात उसके खाते में ट्रांसफर कर दिया गया हैं। इस मामले में बोर्ड की तरफ से वीरवार शाम को सेक्टर-7 स्थित एचडीएफसी के ब्रांच मैनेजर के खिलाफ पंचकूला पुलिस में शिकायत दी गई थी। हालांकि कोई एफआईआर नहीं दर्ज की गई थी। अब बोर्ड की तरफ से शुक्रवार को शिकायत वापस ले ली गई है।
बोर्ड के अध्यक्ष रोहताश जांगड़ा ने बताया कि आईडीएफसी फर्स्ट बैंक व एयू स्मॉल बैंक से जुड़े घोटाले के बाद सरकार की तरफ से निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी निजी बैंकों में जमा सभी फंड वापस ले लिए जाएं। इसी के तहत एचडीएफसी बैंक ब्रांच को 753 रुपये का फंड ट्रांसफर करने के लिए 15 जुलाई को पत्र लिखा गया था लेकिन दो दिन बीतने के बावजूद बैंक की तरफ से राशि बोर्ड के खाते में ट्रांसफर नहीं करने के चलते पुलिस में शिकायत दी थी। शिकायत के कुछ घंटे बाद ही राशि वापस आ गई है। इस मामले में अब कोई शिकायत नहीं बनती है।