चंडीगढ़। प्रदेश की सभी तहसीलों के कार्यालयों को अत्याधुनिक रूप दिया जाएगा। प्रारंभिक चरण में कुछ ही तहसीलों को इस योजना में शामिल किया है। बाद में योजना को विस्तार दिया जाएगा और शेष तहसीलें भी शामिल की जाएंगी।
राजस्व व आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में वीरवार को सचिवालय में मॉडर्न तहसील परियोजना को लेकर बैठक हुई। इस संबंध में शीघ्र ही टेंडर जारी किए जाएंगे।
गोयल ने कहा कि मॉडर्न तहसील परियोजना न केवल प्रशासनिक दक्षता बढ़ाएगी बल्कि इससे भ्रष्टाचार मुक्त और जन-केंद्रित तहसील प्रणाली स्थापित होगी। इस परियोजना के तहत तहसील कार्यालयों में कैफेटेरिया और तमाम आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस योजना से आमजन बेहतर सुविधाओं के साथ अपना कार्य करा सकेंगे। राजस्व मंत्री ने बताया कि तहसील कार्यालयों को डिजिटल और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जाएगा।