चंडीगढ़। हरियाणा के शिक्षकों को दैनिक ऑनलाइन डायरी भरनी होगी। माध्यमिक शिक्षा हरियाणा पंचकूला निदेशालय ने सभी शिक्षकों को ऑनलाइन डायरी भरने के लिए कहा है। इसके साथ ही निदेशालय ने एमआईएस (मैनेजमेंट इन्फार्मेशन सिस्टम) पर ऑनलाइन डायरी भरने में यदि कोई अड़चन आ रही है तो इसके लिए हेल्प डेस्क नंबर भी जारी किया है।
माध्यमिक शिक्षा हरियाणा के अधीन सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को शिक्षकों की तरफ से दैनिक ऑनलाइन डायरी भरवाने के लिए कहा गया था। निदेशालय ने चिंता जताई कि अभी भी अधिकतर विद्यालयों में प्रतिदिन शिक्षकों की तरफ से ऑनलाइन डायरी भरने का कार्य शुरू नहीं किया गया है। निदेशक के आदेशों में विद्यालयों के मुख्य अध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह नियमित रूप से ऑनलाइन डायरी भरवाने के लिए अध्यापकों को प्रोत्साहित करें।
उन्होंने स्पष्ट आदेश दिए कि दैनिक डायरी केवल ऑनलाइन माध्यम से ही भरी जाए। संबंधित डायरी में शिक्षकों की तरफ से पढ़ाए गए विषयों के टाॅपिक आदि का ब्योरा भरना होगा। निदेशालय ने कहा कि यदि दैनिक डायरी भरने में शिक्षकों को कोई दिक्कत आ रही है तो एमआईएस हेल्प डेस्क नंबर 0172-5049801 पर कार्य दिवस (अवकाश वाले दिन छोड़कर) पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।