दावा- सरकार ने एक साल में एक बार रेट बढ़ाने का वादा कर आठ माह में दूसरी बार बढ़ाए कलेक्टर रेट
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दावा किया है कि कलेक्टर रेट बढ़ने से प्रदेश की जनता पर पांच हजार करोड़ रुपये का बोझ बढ़ा है। सरकार ने पांच वर्ष में 50 फीसदी से लेकर 250 फीसदी तक कलेक्टर रेट बढ़ाए हैं। चंडीगढ़ सेक्टर-9 स्थित कांग्रेस दफ्तर में रविवार को प्रेसवार्ता में सुरजेवाला ने कलेक्टर रेट पर सरकार को घेरते हुए 10 सवाल भी पूछे।
सुरजेवाला ने कहा कि सरकार ने जनता से वादा किया था कि एक वर्ष में एक ही बार कलेक्टर रेट बढ़ाए जाएंगे लेकिन जनता से बिना किसी संवाद या चर्चा और बगैर मापदंडों के तर्कपूर्ण आधार के आठ महीने में दूसरी बार प्रदेश में कलेक्टर रेट बढ़ा दिए गए हैं। सुरजेवाला ने कहा कि एक तरफ सरकार ने 2025-26 के बजट में स्टांप ड्यूटी व रजिस्ट्रेशन फीस से 16,555 करोड़ कमाने का लक्ष्य रखा है।
2024-25 में यह 14,000 करोड़ था। अब एक्साइज माफिया से गठजोड़ के चलते शराब ठेकों से होने वाली राजस्व हानि को भी पूरा करने के लिए आनन-फानन में कलेक्टर रेट बढ़ाकर स्टांप ड्यूटी से पैसा कमाया जा रहा है। सुरजेवाला ने कहा कि कलेक्टर रेट बढ़ाने के पीछे सरकार और बिल्डर्स का गठजोड़ भी है। अधिकांश भाजपाई और उनके लोग दीनदयाल आवास योजना के नाम पर डेवलपर व बिल्डर बने हुए हैं।
सुरजेवाला के सरकार से सवाल
2025-26 के बजट में बगैर कलेक्टर रेट वृद्धि के 16,555 करोड़ कमाने का लक्ष्य था तो क्या 25 फीसदी कलेक्टर रेट वृद्धि के बाद यह राशि 4,139 करोड़ नहीं बनती?
क्या हाल में सरकार ने बजरी, रोड़ी, रेत के दाम नहीं बढ़ाए?
कलेक्टर रेट में 5 साल में 200 से 300 फीसदी वृद्धि नहीं हुई?
250 फीसदी तक बढ़ाए कलेक्टर रेट
सुरजेवाला ने दावा किया कि हिसार की न्यू सब्जी मंडी, एचटीएम रोड का कलेक्टर रेट पांच वर्ष में 95 फीसदी, करनाल के मॉडल टाउन में 240 फीसदी, सुभाष कालोनी व करण विहार में 90 फीसदी, पंचकूला के सेक्टर-4, 6(रिहायशी), मनसा देवी कॉम्प्लेक्स में 90 फीसदी, गुरुग्राम में ग्रुप हाउसिंग कोऑपरेटिव सोसाइटी (सभी सेक्टर) में 250 फीसदी, कैथल के सेक्टर-21 हुड्डा सेंटर (रिहायशी) में 140 फीसदी, फरीदाबाद के गांव नाचोली में 130 फीसदी कलेक्टर रेट में वृद्धि हुई है।