अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़ । सहकारिता मंत्री डाॅ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि प्रदेश के गन्ना किसानों को बकाया भुगतान के लिए चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।
जल्द किसानों को गन्ने का बकाया भुगतान हो जाएगा। भुगतान को लेकर सहकारिता मंत्री ने मुख्य सचिव और वित्त विभाग के अधिकारियों से वार्ता की है। मंत्री ने कहा कि जल्द ही ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी, जिससे गन्ना किसानों को उनकी फसल का भुगतान समय से हो सके और भविष्य में भी भुगतान को लेकर कोई देरी न हो। सहकारिता मंत्री ने बताया कि उन्होंने मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी से बातचीत की है और किसानों को जल्द से जल्द भुगतान करवाने के लिए कहा है।
इससे पहले सहकारिता मंत्री ने शुगर फेड के अधिकारियों से गन्ना किसानों को बकाया भुगतान में हो रही देरी के बारे में पूरा ब्योरा लिया। मंत्री ने भुगतान में देरी को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। भविष्य में सुधार के निर्देश दिए हैं।