अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बजट घोषणा के अनुसार हरियाणा के 28 इंजीनियरिंग और डिप्लोमा के टॉपर विद्यार्थियों को पहली बार भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (एसएसी) अहमदाबाद का शैक्षिक भ्रमण करने का माैका मिला। सोमवार सुबह दिल्ली से उड़ान भरकर अहमदाबाद पहुंचे इस दल का नेतृत्व तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक प्रभजोत सिंह ने किया। साथ में उप निदेशक हरिदास कटारिया और अमृता सैनी भी मौजूद रहे।
भ्रमण से वापस लाैटे सिरसा के चौधरी देवीलाल स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्र सचिन ने कहा कि वैज्ञानिकों से बातचीत ने अनुशासन, समर्पण और नवाचार की प्रेरणा दी। यह अनुभव न सिर्फ ज्ञानवर्धक था बल्कि इससे देशप्रेम और जिम्मेदारी की भावना भी जगी। छात्रा रिया ने बताया विभिन्न प्रयोगशालाओं में उपग्रहों की तकनीक को देखकर और वैज्ञानिकों से मार्गदर्शन पाकर हमें अंतरिक्ष अनुसंधान व राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा मिली। सभी विद्यार्थियों ने अपना अनुभव नोट भी विभाग में सम्मिट किया है।
उप निदेशक अमृता सैनी ने बताया कि इस दौरे में छात्रों ने इसरो-एसएसी में उपग्रहों के डिजाइन, संचालन प्रक्रिया और अंतरिक्ष तकनीक के विविध उपयोग जैसे नेविगेशन, संचार, मौसम पूर्वानुमान और आपदा प्रबंधन के बारे में जानकारी प्राप्त की। दल ने उपग्रह और पेलोड के डिजाइन, परीक्षण और असेंबली की प्रक्रिया को करीब से देखा। माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स, सेंसर डिवाइस और चिप निर्माण की जानकारी ऑप्टिकल लिथोग्राफी लैब में मिली। इस दाैरान विद्यार्थियों को और भी कई नई चीचें देखने और सीखने को मिलीं।
भ्रमण दल में ये विद्यार्थी रहे शामिल
प्रदेश के 28 टॉपर विद्यार्थी भ्रमण दल में शामिल थे। इनमें 11 छात्राएं और 17 छात्र थे। विद्यार्थियों में लक्षिता, संजू, दीक्षांत शर्मा, शीतल, अंजली, सागर, केशव राणा, नीलम देवी, मनोज कुमार, गीतिका बतरा, प्रियंका मिश्रा, विशाल यादव, सचिन, लुभांशी, अमन श्रीवास्तव, निखिल, कनव, कोमल, कवी, प्रिंस शर्मा, रिया, गौरव, अमन, चाहत सिवाच, योगेश कुमार, विक्रम कुमार पटेल, उमेश व आदित्य शामिल रहे।