हरियाणा में एक जनवरी से 10 अप्रैल 2026 के बीच हरियाणा पुलिस ने कुल 6083 आपत्तिजनक यूआरएल, कंटेंट, ऐप्स और वेबसाइट्स हटवाई हैं। इनमें सबसे ज्यादा 4278 लिंक मेटा प्लेटफॉर्म (फेसबुक, इंस्टाग्राम, वॉट्सएप) से जुड़े थे। इसके अलावा यूट्यूब से 1172, एक्स (ट्विटर) से 372, अन्य प्लेटफॉर्म्स से 167, टेलीग्राम से 53, रेडिट से 36 और स्नैपचैट से 5 आपत्तिजनक कंटेंट हटाया गया।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने साफ कहा है कि ऐसे कंटेंट को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति हथियारों का महिमामंडन या समाज को गलत दिशा में ले जाने वाला कंटेंट बनाएगा या शेयर करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
गन कल्चर और अशोभनीय कंटेंट पर सख्ती
पुलिस ने साफ किया है कि हथियारों का दिखावा, हिंसा को बढ़ावा देने वाले वीडियो, महिलाओं और बच्चों का अशोभनीय चित्रण और हरियाणा की छवि खराब करने वाला फर्जी कंटेंट अब सीधे कार्रवाई की जद में आएगा। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
एक्शन मोड में सरकार, लगातार निगरानी
सरकार भी इस मुद्दे को लेकर सख्त रुख में है और सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसलिए जो भी व्यक्ति समाज में अशांति फैलाने या भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश करेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स को साफ संदेश
पुलिस ने युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स से अपील की है कि वे जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का इस्तेमाल करें। सकारात्मक और समाज को जोड़ने वाला कंटेंट बनाएं, ताकि हरियाणा की सही और मजबूत छवि सामने आ सके।