अमर उजाला ब्यूरो,
चंडीगढ़। प्रदेश में सरल पोर्टल के संचालन को लेकर आ रहीं तकनीकी परेशानियों का संज्ञान हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने लिया है। आयोग के चेयरमैन ने संबंधित अधिकारियों से भी वार्ता की है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर रात में बयान जारी किया है। सोशल मीडिया के माध्यम से जारी बयान में चेयरमैन ने कहा कि विगत दिनों में अभ्यर्थियों की तरफ से सोशल मीडिया, फोन कॉल, मैसेज, मीडिया व दूसरे माध्यमों से यह बात संज्ञान में आई थी कि सरल पोर्टल पर अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र नहीं बन पा रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों को सीईटी-2025 का पंजीकरण कराने में आवेदकों को काफी मुश्किलें आ रही हैं। चेयरमैन ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने इस बात को संज्ञान में लेते हुए आयोग ने इस विषय में संबंधित विभाग से बात की है। आवेदकों को यह भी आश्वस्त किया है कि सभी अभ्यर्थी परेशान न हो संबंधित विभाग इस पर तेजी से कार्य कर रहा है और जल्द ही विभाग के माध्यम से सभी समस्याओं का निवारण कर दिया जाएगा।