- कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट और इलेक्ट्रीशियन का सबसे ज्यादा क्रेज
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दूसरा चरण समाप्त होने के बाद कुल 18,497 विद्यार्थियों के दाखिले हो चुके हैं। अब बुधवार से तीसरे चरण की दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों में 4,874 छात्राएं और 13,623 छात्र शामिल हैं। इस बार टॉप ट्रेड में सबसे ज्यादा कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट और इलेक्ट्रीशियन का क्रेज है। इन दोनों ट्रेड में कुल 6300 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है जोकि कुल 18,497 दाखिले का 34 फीसदी है।
इस वर्ष कुल 197 राजकीय व 164 निजी आईटीआई में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से दाखिले के लिए अभी तक कुल 65,900 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है जबकि पिछले वर्ष तकरीबन 49,000 सीटों पर विद्यार्थियों ने दाखिले लिए थे।
सात दिन तीसरे चरण में दाखिला
आईटीआई में तीसरे चरण का दाखिला बुधवार से शुरू हो जाएगा जोकि 16 जुलाई से 22 जुलाई तक तक चलेगा। आगे की प्रक्रिया में खाली सीटों के लिए आगामी चरणों में काउंसलिंग, दस्तावेज सत्यापन और अंतिम मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इससे सभी पात्र विद्यार्थियों को दाखिले का अवसर तय किया जाएगा। निदेशालय कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण हरियाणा ने सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से लॉगिन कर अपनी आवंटन स्थिति एवं आगामी प्रक्रियाओं की जानकारी समय पर हासिल करें।
सबसे ज्यादा दाखिले वाले टॉप 10 जिले
जिला दाखिले
हिसार- 2,028
कैथल-1,252
भिवानी-1,200
जींद - 1,167
सिरसा-1,121
सोनीपत-964
करनाल-928
झज्जर-926
अंबाला-924
यमुनानगर-923
अब तक किस ट्रेड में कितने दाखिले
कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामिंग सहायक- 3,344
इलेक्ट्रीशियन - 2,956
फिटर - 862
स्टेनोग्राफर और सचिवीय सहायक (हिंदी) - 684
वेल्डर - 679
वायरमैन - 647
रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग तकनीशियन - 590
कॉस्मेटोलॉजी - 559
स्टेनोग्राफर और सचिवीय सहायक (अंग्रेजी) - 541
प्लंबर- 540