- दावे और आपत्तियों के निपटारे के लिए 15 दिसंबर तक मिलेगा समय
- निर्वाचन आयोग ने एसआईआर का संशोधित कार्यक्रम जारी किया
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यक्रम में निर्वाचन आयोग ने बदलाव किया है। अब अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर 2026 को जारी होगी। पहले के निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव करते हुए नोटिस, दावे और आपत्तियों के निपटारे की समय-सीमा भी बढ़ाकर 15 दिसंबर कर दी गई है। चंडीगढ़ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने बुधवार को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 18 से 30 नवंबर तक गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रह किया जाएगा। इन प्रपत्रों के निस्तारण की प्रक्रिया 10 दिसंबर तक पूरी करनी होगी। वहीं, नोटिस जारी करने, दावे और आपत्तियों के निपटारे की अवधि 15 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।
पुनरीक्षण के दौरान प्रदेश में 9,36,228 अनुपस्थित, 13,74,759 स्थानांतरित, 7,66,003 मृत और 2,04,832 डुप्लीकेट मतदाता चिह्नित किए गए हैं। इन चार श्रेणियों में कुल 32,81,822 मतदाता हैं। निर्वाचन विभाग ने इन श्रेणियों में चिह्नित पात्र मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को देने की अपील की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास के मुताबिक इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं का नाम अंतिम सूची में शामिल करना है। जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को संशोधित समय-सारिणी के अनुसार प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।