चंडीगढ़। हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (एचओए) में पदाधिकारियों के खाली चार पदों के लिए चयन की कवायद शुरू हो गई है। इससे पहले एचओए के अध्यक्ष मीनू बेनीवाल सहित कुल 17 पदाधिकारी निर्विरोध चुने जा चुके हैं। कुल 21 पदाधिकारियों में अभी एक संयुक्त सचिव और तीन कार्यकारी सदस्यों की नियुक्ति होनी है।
इन पदों पर नियुक्ति के लिए जनरल हाउस की बैठक होगी। एचओए चुनाव में हिस्सा लेने वाली वैध खेल एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा ही दावेदारी की जा सकेगी। विभागीय सूत्रों के मुताबिक जल्द ही प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
वहीं, इस बार एसोसिएशन के चुनाव में प्रदेश के 19 खेल संगठनों को मताधिकार नहीं मिला था। चुनाव प्रक्रिया की जिम्मेदारी निभाने के लिए नियुक्त कमेटी की तरफ से दस्तावेजों में कमी पाए पर इन संगठनों को मतदान के लिए अयोग्य घोषित किया गया था। जल्द ही इन खेल संगठन के पदाधिकारियों से योग्यता साबित करने के लिए दस्तावेज मांगे जाएंगे। ब्यूरो