- एनसीआर में संचालित 2293 बसों में से अब सिर्फ 46 बीएस-4 श्रेणी की बसें शेष बचीं
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा के एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में प्रदूषण से निपटने के लिए परिवहन विभाग लंबे समय से प्रयासरत है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए शुक्रवार को विभाग ने एनसीआर से बीएस-4 श्रेणी की 44 बसों को हटाकर इनके स्थान पर बीएस-6 श्रेणी की बसों का संचालन शुरू कर दिया है।
परिवहन विभाग की योजना है कि एनसीआर के सभी जिलों में 15 अक्तूबर तक बीएस-6 श्रेणी की बसों का ही संचालन हो। फिलहाल एनसीआर में 2293 बसों का संचालन हो रहा है। अब केवल 46 बीएस-4 श्रेणी की बसें ही संचालित हो रही हैं। रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार एनसीआर में फिलहाल 169 एसी बसें, 169 मिनी बसों का संचालन हो रहा है और शेष सामान्य श्रेणी की बसें हैं। जिन बीएस-4 श्रेणी की बसों को बाहर किया गया है वह दूसरे जिलों के रूटों पर संचालित होंगी।