अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह ने हरियाणा में नागरिक-सैन्य समन्वय को मजबूत करने के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की
चंडीगढ़। नागरिक-सैन्य संपर्क सम्मेलन (सीएमएलसी) 2025 के संबंध में गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इस दौरान डॉ. मिश्रा ने सभी संबंधित विभागों और उपायुक्तों को सीएमएलसी से संबंधित मुद्दों पर कार्रवाई में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बहादुरगढ़, पंचकूला और गुरुग्राम में सेना कल्याण आवास परियोजनाओं के मुद्दे पर संबंधित उपायुक्तों को भूमि उपलब्धता रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को समाधान खोजने के लिए सेना के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को डीएसओआई पंचकूला में पार्किंग के लिए अतिरिक्त भूमि के आवंटन के लिए औपचारिक प्रस्ताव लाने के निर्देश दिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सिंचाई, लोक निर्माण (भवन एवं सडकें), जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभागों के अधिकारियों की एक समिति गठित कर एयरफोर्स स्टेशन, बरवाला की चारदीवारी के बाहर ड्रेनेज सिस्टम की सफाई और मरम्मत के मुद्दे को जल्द से जल्द हल करने के निर्देश दिए। बैठक में हरियाणा के शहीदों के लिए अनुग्रह राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी गई है और इस संबंध में एक सप्ताह के भीतर अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। माैके पर ब्रिगेडियर अरुण यादव, कर्नल जे एस संधू, कर्नल राजीव कुमार, कर्नल अर्नब मित्रा और सेना व विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।