चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को धूमधाम से मनाने के लिए प्रदेश सरकार 27 मई से तैयारियों में जुटी हुई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि योग दिवस को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है। अब तक राज्य भर में 15 लाख से अधिक लोग योग सत्रों में सक्रिय रूप से भाग ले चुके हैं।
कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव भी मौजूद रहेंगे। हमारा लक्ष्य है कि राज्य में 11 लाख लोग एक साथ योग करें। योग के साथ पर्यावरण को भी संरक्षित करना है। इसलिए लोगों को पौधे भी बांटे जा रहे हैं।
कोरोना के बढ़ते केसों पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिंता करने की जरूरत नहीं है। फिर भी सभी को कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन करना चाहिए। उन्होंने एयर इंडिया के विमान दुर्घटना में अपने परिवार के सदस्यों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। ब्यूरो