हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल ने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। किसी भी खेल सुविधा का उपयोग तभी होना चाहिए, जब उसकी संरचनात्मक सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो।
गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित एक ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में अभ्यास के दौरान बास्केटबॉल पोल गिरने से एक युवा खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया था।
विज्ञापन
अब हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (एचओए) ने प्रदेशभर की खेल सुविधाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। एसोसिएशन ने उपायुक्त गुरुग्राम और हरियाणा के रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटी को पत्र भेजकर सभी सरकारी खेल परिसरों और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में स्थापित खेल उपकरणों की तत्काल सुरक्षा जांच कराने की मांग की है।
एसोसिएशन ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले रोहतक और बहादुरगढ़ में भी असुरक्षित बास्केटबॉल पोल गिरने से खिलाड़ियों की जान जा चुकी है। गुरुग्राम की ताजा घटना में एक खिलाड़ी की रीढ़ की हड्डी में कई फ्रैक्चर हुए, जबकि अन्य खिलाड़ी बाल-बाल बच गए। लगातार हो रही घटनाएं बताती हैं कि खेल अधोसंरचना का नियमित तकनीकी निरीक्षण और रखरखाव नहीं हो रहा है।
विज्ञापन
एचओए ने मांग की है कि जिले के सभी सार्वजनिक खेल परिसरों में लगे खेल उपकरणों का नियमित निरीक्षण कराया जाए। जंग लगे, क्षतिग्रस्त या असुरक्षित उपकरणों को तुरंत हटाकर उनकी मरम्मत या बदलने की व्यवस्था की जाए। साथ ही प्रदेश की सभी ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में बने खेल मैदानों और खेल सुविधाओं का जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यव्यापी भौतिक सत्यापन और सुरक्षा ऑडिट कराया जाए।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल ने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। किसी भी खेल सुविधा का उपयोग तभी होना चाहिए, जब उसकी संरचनात्मक सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि समय पर निरीक्षण और नियमित रखरखाव से ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। एसोसिएशन ने सभी सरकारी विभागों, ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों और खेल सुविधाओं के संचालकों से खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।