-विभाग के कमिश्नर एवं सेक्रेटरी ने जारी किए निर्देश, सभी को अपने स्टेशन पर रहने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई जिलों में जलभराव और निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं। सीमावर्ती इलाकों और निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। विभाग के कमिश्नर एवं सचिव आईएएस मोहम्मद शाइन ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी कर्मचारी अपने स्टेशन से बाहर न जाए और हर समय ड्यूटी पर तैनात रहे। पंपिंग स्टेशनों और मशीनरी की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि बारिश के चलते कहीं भी पानी निकासी में दिक्कत न आए। पंप ऑपरेटरों को अपनी ड्यूटी पर पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश जारी हुए हैं। सरकार ने आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को तेज करने के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं ताकि जनता समय पर अपनी समस्याएं दर्ज करा सके। निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। बारिश के चलते कई जगहों पर सड़कें पानी में डूबी हुई हैं जिससे वाहन चालकों और आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में खेती-बाड़ी पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। धान और कपास की फसलें प्रभावित हो रही हैं। सरकार ने जनता से अपील की है कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपना यूएई दौरा रद्द किया
लगातार हो रही भारी बारिश से उत्पन्न हुई परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सीएम नायब सैनी ने अपना प्रस्तावित तीन दिवसीय यूएई दौरा रद्द कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेशवासियों की सुरक्षा और राहत कार्य प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं। सीएम सैनी ने शनिवार को सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए थे कि बारिश के पानी से उत्पन्न हालातों से निपटने के लिए तैयारियां पूरी रखें और प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करें। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि सरकार हर स्तर पर राहत कार्यों के लिए तत्पर है और किसी भी हाल में प्रदेशवासियों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी।