- वेतन जारी करने और बिलों की मंजूरी का काम नहीं अटकेगा
- नियमित प्राचार्य आने तक संभालेंगे अतिरिक्त जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पांच सरकारी कॉलेजों के प्राचार्यों को अन्य कॉलेजों की आहरण एवं संवितरण अधिकारी की (डीडीओ) शक्तियां सौंपी गई हैं। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने यह आदेश जारी किए हैं। इस व्यवस्था से संबंधित कॉलेजों में वेतन जारी करने, बिलों की मंजूरी व अन्य वित्तीय मामले नहीं अटकेंगे।
आदेश के अनुसार राजकीय कॉलेज पिनगवां के प्राचार्य को पलवल के सरकारी कॉलेज की डीडीओ शक्तियां दी गई हैं। अंबाला छावनी के प्राचार्य देशराज को राजकीय कॉलेज साहा की जिम्मेदारी मिली है। राजकीय कॉलेज रादौर के प्राचार्य सुरेंद्र कुमार सिंह को यमुनानगर के राजकीय कॉलेज सरस्वती नगर मुस्तफाबाद के डीडीओ का चार्ज मिला है। राजकीय कॉलेज लाडवा के प्राचार्य अजय कुमार को कैथल के राजकीय कॉलेज लाडाना चक्कू और राजकीय महिला कॉलेज कलायत की जिम्मेदारी दी गई है। राजकीय कॉलेज गुहला चीका के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र मोर को राजकीय महिला कॉलेज शेरदा और राजकीय कॉलेज लुगड़ का डीडीओ का काम संभालेंगे। यह व्यवस्था नियमित प्राचार्य के पदभार संभालने या अगले आदेश तक लागू रहेगी।