चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर संत गुरु रविदास ट्रॉफी गर्ल्स अंडर-19 वॉलीबॉल टूर्नामेंट का पोस्टर जारी किया। टूर्नामेंट 22 से 26 नवंबर तक पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होगा। इस मौके पर हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरदेव चौधरी, महासचिव अमरजीत कुमार, भीम अवार्डी एवं पूर्व भारतीय खिलाड़ी सूबे सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी रिया सैनी और जूनियर राज्य गर्ल्स टीम की खिलाड़ी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण व पिछड़े क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देते हैं। महासचिव अमरजीत कुमार और मुख्य संरक्षक अजय मित्तल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों को अवसर देना और युवाओं को नशे से दूर रखना है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की तर्ज पर बेटी खिलाओ अभियान के तहत होने वाले टूर्नामेंट में परवाणू, बद्दी, कालका, पिंजौर, नारायणगढ़, बरवाला, रामगढ़, पंचकूला, राजपुरा, डेराबस्सी, खरड़, मोहाली और चंडीगढ़ के संस्थानों, गांवों, स्कूलों व अकादमियों की 20 टीमें बिना प्रवेश शुल्क हिस्सा ले सकेंगी।