डीजीपी ने सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को जारी किए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में स्वतंत्रता दिवस, कांवड़ यात्रा, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के मद्देनजर डीजीपी अजय सिंघल ने पुलिस को हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी संभावित खतरे से प्रभावी ढंग से निपटने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं।
डीजीपी के निर्देशों के अनुसार सभी जिलों में पर्याप्त पुलिस बल पहले से तैयार रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। दंगा नियंत्रण अभ्यास नियमित रूप से कराया जाएगा व वाटर कैनन, वज्र वाहन, ड्रोन, एंबुलेंस, जेसीबी, क्रेन, गश्ती वाहन और अन्य उपकरण पूरी तरह तैयार रखने को कहा गया है।
पुलिस मुख्यालय ने खुफिया तंत्र को और सक्रिय करने के साथ आईबी, सीआईडी और अन्य एजेंसियों से लगातार समन्वय रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। दिल्ली और पंजाब से सटे होने के कारण हरियाणा की सुरक्षा को देखते हुए अग्रिम सुरक्षा तैनाती और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।
बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान तेज होगा और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग बढ़ाई जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह, मंदिरों, धार्मिक आयोजन स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और टैक्सी स्टैंडों पर अतिरिक्त सुरक्षा रहेगी। साथ ही राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों तथा रेलवे यातायात को निर्बाध रखने के लिए विशेष यातायात प्रबंधन किया जाएगा। जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों के साथ संयुक्त सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने और शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।