चंडीगढ़। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करती है। रविवार को गोहाना के बड़वासनी गांव स्थित बूथ नंबर-172 पर कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम का 129वां एपिसोड सुनने पहुंचे थे। बड़ाैली ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम केवल संवाद नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है। यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करता है और समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि पीएम अपने विचारों के माध्यम से देशवासियों को कर्तव्यबोध, सेवा भावना और राष्ट्रहित के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अंतिम एपिसोड में प्रधानमंत्री ने वर्ष 2026 की संभावनाओं, चुनौतियों और विकास के लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही 2025 की उन उपलब्धियों का उल्लेख किया जिनसे देश को नई आत्मविश्वास की शक्ति मिली है। पीएम ने समाज को सशक्त बनाने वाले लोगों के प्रयासों की सराहना कर युवाओं को प्रेरित किया। कार्यकर्ताओं ने भी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। ब्यूरो