- अभी भी पटवारियों के स्तर पर 37 हजार 996.41 एकड़ गिरदावरी का काम शेष
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में पटवारियों ने सोमवार को काली पट्टी बांधकर कार्यालयों व फील्ड में काम किया। बुधवार तक पटवारी काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करेंगे। वीरवार को सभी पटवारी सांकेतिक धरना देते हुए कार्य बहिष्कार करेंगे। पटवारियों का कहना है कि नए पटवारियों की दो मांगों को सरकार ने तत्काल पूरा नहीं किया तो गिरदावरी का कार्य प्रभावित होगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष जयबीर चहल और राज्य महासचिव सन्नी दहिया ने बताया कि नए पटवारियों को मानदेय की जगह वेतन दिलाने और प्रशिक्षण की अवधि डेढ़ से एक वर्ष करने का नोटिफिकेशन जारी करवाने की दो प्रमुख मांगें हैं। प्रदेश में नए 2605 पटवारियों का इसी वर्ष जनवरी से प्रशिक्षण शुरू हुआ था। सरकार के पास कई चक्कर काटने के बाद प्रतिमाह 10 हजार रुपये का मानदेय मुश्किल से शुरू किया। अब दोनों लंबित मांगों को भी लगातार टाला जा रहा है। ऐसे में एसोसिएशन व पटवारियों के सामने आंदोलन के अतिरिक्त कोई विकल्प नहीं बचा है। राजस्व विभाग के अनुसार प्रदेश में 31 लाख 3057.34 एकड़ में से अभी भी पटवारियों के स्तर पर 37 हजार 996.41 एकड़ गिरदावरी का कार्य शेष है।