- एससी, बीसी-ए और बीपीएल छात्रों को दूसरी तिमाही की छात्रवृत्ति वितरित करने की तैयारी तेज
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। विद्यालय शिक्षा निदेशालय हरियाणा ने राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग-ए और बीपीएल योजना के अंतर्गत पात्र छात्रों की दूसरी तिमाही की छात्रवृत्ति से संबंधित डाटा वन स्कूल एप पोर्टल पर 30 अक्तूबर तक अपडेट किया जाए।
निदेशालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि छात्रवृत्ति छात्रों की उपस्थिति के आधार पर दी जाएगी इसलिए संबंधित विद्यालय प्रमुख यह सुनिश्चित करें कि 13 अक्तूबर से 30 अक्तूबर तक सभी पात्र छात्रों का डाटा समय पर पोर्टल पर अपलोड हो। चेतावनी भी दी गई है कि यदि किसी विद्यालय द्वारा छात्रों की उपस्थिति संबंधी डाटा अपडेट नहीं किया गया तो उसकी पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रमुख की होगी।
विद्यालयों को यह भी बताया गया है कि वन स्कूल एप पोर्टल 30 अक्तूबर तक सक्रिय रहेगा अगर किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो हेल्पलाइन नंबर 0172-5049801 पर संपर्क किया जा सकता है। निदेशालय ने कहा है कि डाटा समय पर अपडेट न होने की स्थिति में पात्र विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है इसलिए सभी जिला शिक्षा अधिकारी इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करें।