अतिरिक्त मुख्य सचिव बोलीं- घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहने व दिशा-निर्देशों का पालन करें
चंडीगढ़। प्रदेश में बुधवार को मेगा सिविल डिफेंस ड्रिल का आयोजन किया गया, जोकि अब हर साल सात मई को इसी तरह से होगा। इस दौरान प्रदेश के गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने पंचकूला स्थित कंट्रोल रूम से ऑपरेशन अभ्यास के तहत पूरे प्रदेश की सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल पर निगरानी रखी। उन्होंने डायल 112 पर आने वाली फोन कॉल्स की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश भी दिए। इससे पहले बुधवार की सुबह प्रमुख सचिव अनुराग रस्तोगी ने इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए थे।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने निर्देश दिए हैं कि आज पूरे राज्य में की गई मॉक ड्रिल को हर साल सात मई को आयोजित कराया जाएगा। इस का उद्देश्य होगा कि नागरिकों में तैयारी, सावधानी और कोई घबराहट ना रहे। डॉ. मिश्रा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को घबराने या चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील है कि वे जिला प्रशासन के अधिकारियों की तरफ से समय-समय पर मिलने वाली सूचनाओं का पालन करें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए खुद को तैयार रखें। राज्य में कई मॉल्स और जिला सचिवालयों में अभ्यास किया गया है।