अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। स्वतंत्रता दिवस पर हरियाणा पुलिस के एक डीएसपी, एक एसीपी, छह इंस्पेक्टर और तीन सब इंस्पेक्टर को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस पदक से नवाजा गया है। सम्मानित होने वालों में पानीपत जिला में तैनात सुरेश कुमार (डीएसपी, ट्रैफिक), राजेश कुमार (एसीपी, फरीदाबाद), इंस्पेक्टर ऋषि पाल, इंचार्ज इकॉनोमिक सेल, अंबाला, इंस्पेक्टर हरकेश कुमार, सुनारिया, रोहतक, इंस्पेक्टर महाबीर सिंह, आईआरबी भौंडसी, इंस्पेक्टर जोगिन्दर सिंह, एचएपी मधुबन, इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र, एचएसईएनबी, पंचकूला, इंस्पेक्टर राजेश कुमार, आईटी सेल, डायल 112, पंचकूला, सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार, रोहतक, सब इंस्पेक्टर यशपाल सिंह, फरीदाबाद और मुख्यमंत्री आवास पर तैनात सब इंस्पेक्टर सोहन लाल शामिल हैं। हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने सभी को बधाई दी।
राजेश कुमार (एसीपी):
पुलिस की प्रतिष्ठा बढ़ाने पर सम्मान
फरीदाबाद पुलिस के एसीपी सराय राजेश कुमार ने अनुकरणीय कर्तव्यपरायणता, ईमानदारी व उल्लेखनीय कार्य किए हैं। साथ ही अपराध नियंत्रण, जनता से समन्वय और कानून व्यवस्था बनाए रखने में उनका योगदान सराहनीय रहा है।
सुरेश सैनी (डीएसपी)
पानीपत को दंगे से बचाया
डीएसपी सुरेश सैनी ने वर्ष 2023 में मेवात और नूंह में हुए दंगों के दौरान पानीपत में स्थिति को संभालने में अहम योगदान दिया था। पानीपत को दंगे की आग में झुलसने से बचा लिया था। उनकी सेवाओं को देखते हुए पुलिस पदक के लिए उनका चयन किया गया। फतेहाबाद जिले के टोहाना के रहने वाले सुरेश सैनी हरियाणा पुलिस में वर्ष 2003 में सब इंस्पेक्टर भर्ती हुए थे।
हरकेश श्योराण (इंस्पेक्टर)
पुलिसकर्मियों को तराश रहे
सुनारिया पुलिस अकादमी में इंस्पेक्टर हरकेश श्योराण प्रशिक्षक के तौर पर तैनात हैं। वह हरियाणा पुलिस के नए पुलिसकर्मियों को बेसिक मूल्यों की सीख देकर तराश रहे हैं। चरखी दादरी जिले के गांव मांढी पिरानू निवासी हरकेश श्योरण 2002 में पुलिस में भर्ती हुए। 2015 में एसआई और 2023 में इंस्पेक्टर बन गए। अब दो साल से पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षक के तौर पर कार्यरत हैं।
ऋषिपाल (इंस्पेक्टर)
नशा तस्करों पर कार्रवाई का मिला सम्मान
अंबाला नारकोटिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ऋषिपाल को नशा तस्करों व बाइक चोर गिरोह को पकड़ने की उत्कृष्ट व सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। जींद के रहने वाले ऋषिपाल ने हाल ही में नशा तस्करों पर लगाम के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया था। वह 1992 में हरियाणा पुलिस में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे। वह पहले भी कई बार 15 अगस्त व 26 जनवरी को होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित हो चुके हैं।
अशोक कौशिक (सब इंस्पेक्टर)
सरकार को कानूनी दांव-पेच से बचाने का इनाम
सब इंस्पेक्टर अशोक कौशिक 20 साल से सरकार को अदालत में कानूनी दांव-पेच से बचाते रहे हैं। सोनीपत जिले के गांव पीपली निवासी अशोक कौशिक 1989 में सिपाही के तौर पर हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। साल 2005 में हवलदार बनने के बाद उनको रोहतक एसपी कार्यालय की लीगल सेल में रीडर के तौर पर लगाया गया। साल 2024 में डीजीपी उत्तम सेवा मेडल सम्मान मिल चुका है।
यशपाल सिंह(एसआई)
कानून व्यवस्था व समन्वय में योगदान
फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता एसआई यशपाल सिंह ने कानून व्यवस्था और जनता-पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने में अहम योगदान दिया है। एसआई ने अपनी उत्कृष्ट सेवा से पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है जिसकी वजह से उन्हें सम्मान से नवाजा गया है।
धर्मेंद्र (इंस्पेक्टर)
बिजली चोरी व शराब तस्करी पकड़ने का इनाम
हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो, पंचकूला में तैनात इंस्पेक्टर धर्मेंद्र को ड्यूटी के प्रति समर्पण और ईमानदारी के पुलिस पदक से सम्मानित किया जा रहा है। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र ने पंचकूला में बिजली की चोरी और शराब तस्करी पकड़ने में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही पंचकूला में होने वाले खनन पर अपनी टीम के साथ मिलकर अंकुश लगाने का सराहनीय प्रयास किया है।
सोहन लाल (इंस्पेक्टर)
वीवीआईपी ड्यूटी में उत्कृष्ट सेवा पर सम्मान
कुरुक्षेत्र में लाडवा हलका स्थित गांव बरगट जटान निवासी सब इंस्पेक्टर सोहन लाल को वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान उनके उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मान मिला है। साल 2003 बतौर कमांडो भर्ती होने वाले सोहन लाल वर्तमान में मुख्यमंत्री आवास में तैनात हैं। इससे पहले सोहल लाल कई मंत्रियों और डीजीपी स्तर के अधिकारियों के साथ तैनात रह चुके हैं।
राजेश कुमार (इंस्पेक्टर)
आईटी में उत्कृष्ट कार्य किया
इंस्पेक्टर राजेश कुमार पंचकूला स्थित डायल 112 बिल्डिंग में तैनात है। उनकी ड्यूटी आईटी सेल में है। डायल 112 में आईटी को अपग्रेड करवाने में राजेश कुमार की अहम भूमिका रही है। साथ ही आईटी सेल की जिम्मेदारी भी बखूबी निभाते हुए अधिकारियों मददगार रहे।