चंडीगढ़। हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने फरीदाबाद के मुजेसर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) की बदहाली पर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने पूछा है कि यह स्वास्थ्य केंद्र है या बीमार केंद्र।
आयोग ने फरीदाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य केंद्र की हालत और उसके सुधार पर रिपोर्ट मांगी है। साथ ही नगर निगम को तुरंत केंद्र की सफाई, जल निकासी और सड़क की व्यवस्था को ठीक करके रिपोर्ट जमा करनेके लिए कहा है।
आयोग ने 23 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को सुनवाई के दौरान व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। आयोग के चेयरपर्सन जस्टिस ललित बत्रा और सदस्य कुलदीप जैन व दीप भाटिया ने इस बदहाली को सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन भी माना है। आयोग के सूचना व जनसंपर्क अधिकारी डॉ. पुनीत अरोड़ा ने कहा कि आदेश की काॅपी संबंधित विभागों को भेज दी है। ब्यूरो