- वे ग्राउंड स्तर पर जाकर आईटीआई के भवनों की फिटनेस की जांच कर तैयार करेंगे रिपोर्ट
- आईटीआई के जर्जर भवनों की जगह पर बनाए जाएंगे नए भवन
चंडीगढ़। पंचकूला स्थित मुख्यालय में तैनात अधिकारियों को एक-एक जिले की जिम्मेदारी मिलेगी, जो जो ग्राउंड स्तर पर जाकर आईटीआई के भवनों की फिटनेस की जांच कर जर्जर भवनों की रिपोर्ट तैयार करें, ताकि वहां पर नए भवन बनाए जा सकें। कैबिनेट मंत्री गौरव गौतम शनिवार को पंचकूला स्थित कौशल भवन में स्किल्ड विश्वविद्यालयों के कुलपति (वीसी), रजिस्ट्रार और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि कौशल विभाग का मुख्य उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को सम्मानजनक रोजगार दिलाना है। हरियाणा कौशल विभाग युवाओं को विदेशी प्लेसमेंट के अवसर भी उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयासों को और तेज किया जाना चाहिए, ताकि प्रदेश के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें। विदेशी प्लेसमेंट से जुड़ी योजनाओं का अधिकतम प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इन अवसरों का लाभ उठा सकें।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजगार मेलों में भाग लेने वाली कंपनियों से मिलने वाले वास्तविक प्लेसमेंट आंकड़ों की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शैक्षणिक, प्रशासनिक और आधारभूत ढांचों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि हरियाणा कौशल विभाग का मिशन समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा हो सके। इसके अतिरिक्त युवा सक्षम योजना, फ्लैगशिप स्कीम, गुरु-शिष्य योजना सहित सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए है। मंत्री ने दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली (ड्यूल ट्रेनिंग सिस्टम) की सराहना करते हुए कहा कि इससे युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है, जो रोजगार पाने में बेहद सहायक है।