चंडीगढ़। सेक्टर-26 के होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में बीएचएमएस के नए सत्र 2026-27 के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी आयोजित की गई। इस दौरान नए विद्यार्थियों को सफेद कोट और स्टेथोस्कोप देकर उनके चिकित्सा क्षेत्र में नए सफर की शुरुआत करवाई गई।
इस समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने की जिम्मेदारी और उनके पेशे के महत्व को समझाना था। सफेद कोट पहनना इस बात का प्रतीक है कि विद्यार्थी अब पढ़ाई के शुरुआती चरण से आगे बढ़कर मरीजों के इलाज से जुड़ी व्यावहारिक शिक्षा की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. मीनाक्षी सिंह ने कहा कि सफेद कोट शांति, पवित्रता, ईमानदारी और जिम्मेदारी का प्रतीक है। विद्यार्थियों को अपने पेशे का सम्मान करना चाहिए और समाज की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी हैं। इस मौके पर एचएमसीए के सचिव सतीश दीवान ने विद्यार्थियों को होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति और इसमें करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं एचएमसीए के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आरपी जोशी ने कहा कि चिकित्सा का पेशा बहुत सम्मानजनक है। विद्यार्थियों ने होम्योपैथी के इस संस्थान में दाखिला लेकर अपने करियर की अच्छी शुरुआत की है।