अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा के ग्रामीण बिजली फीडरों की बिजली आपूर्ति का शेड्यूल रविवार से बदल जाएगा। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की तरफ से नया शेड्यूल जारी किया गया है। इसके तहत शाम को 6.30 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक बिजली रहेगी। वहीं, सुबह 6 बजे से लेकर 11:15 बजे तक बिजली बंद रहेगी। इसके बाद 11:15 बजे से दोपहर के 3:45 तक बिजली रहेगी। इसके बाद शाम 6.30 तक कट रहेगा। यानी कि रात से समय बिजली पूरी रहेगी, मगर दिन में 8 घंटे का कट होगा। दोनों जोन के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 16 घंटे बिजली की आपूर्ति होगी।
प्रदेश में लोगों पर रोज नए जुल्म ढहा रही सरकार: सुरजेवाला
राज्य सभा सदस्य व महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली का नया शेड्यूल जारी करने पर सैनी सरकार पर तंज कसा है। सुरजेवाला ने कहा कि रोजाना 8 घंटे बिजली कटौती का सरकार का ताजा फरमान देखें। सरकार रोजाना लोगों पर नए जुल्म ढहा रही है। इस चिलचिलाती धूप और लू के मौसम में प्रदेशवासियों को बेहाल छोड़कर भाजपा सरकार एसी में सुस्ता रही है।