पदोन्नति सूची जारी करने की सराहना की, कहा- शेष मांगें भी सरकार जल्द पूरी करें
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन हरियाणा ने एमपीएचडब्ल्यू (पुरुष) की पदोन्नति सूची जारी करने की सराहना की है। एसोसिएशन ने कहा कि एक मांग तो पूरी हो गई है लेकिन सरकार शेष लंबित मांगों को भी जल्द पूरा करे। चेतावनी दी कि यदि शेष मांगें न मानी तो पांच जुलाई को प्रदर्शन किया जाएगा।
एसोसिएशन के राज्य प्रधान शर्मिला देवी, महासचिव सहदेव आर्य और राज्य प्रवक्ता संदीप कुंडू ने कहा कि पदोन्नति सूची जारी होने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। प्रवक्ता संजय कुंडू ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की एक मांग पूरी की है, मगर अभी भी कई मांगें लंबित हैं। इनमें रिक्त पदों को भरना, आबादी के आधार पर नए पद स्वीकृत करना, नियमित भर्ती, पदनाम में संशोधन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में कार्यरत महिला एमपीएचडब्ल्यू को मूल वेतनमान एफपीएल-6 और भत्तों का लाभ देना, कार्यभार के अनुसार संसाधन उपलब्ध कराना, तबादले खोलना तथा प्रमोशनल स्केल जारी करना शामिल हैं।
एसोसिएशन ने कहा यदि लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 5 जुलाई को स्वास्थ्य मंत्री के रामपुरा हाउस स्थित आवास पर प्रदेशस्तरीय रोष प्रदर्शन किया जाएगा।