अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर के कहा कि महिला शक्ति की महिमा को हमारी सरकार ने हमेशा से प्रोत्साहित किया है। प्रदेश सरकार ने लाड़ली योजना और ड्रोन दीदी जैसी कई योजनाएं लागू की और पंचायत में महिला आरक्षण को साकार रूप दिया है।
नागर शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित इंडियन डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन (आईडीएसए) के हरियाणा, पंजाब, जम्मू - कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर बोल रहे थे।
इस दौरान नागर ने 50 से अधिक महिला उद्यमियों को डायरेक्ट सेलिंग क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित कर उन्हें बधाई दी। वहीं, एक शार्ट फिल्म के माध्यम से डायरेक्ट सेलिंग के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को दर्शाया और सक्सेस स्टोरीज के बारे में बताया गया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी को सराहते राज्य मंत्री ने कहा कि भारत में डायरेक्ट सेलिंग का मार्किट अब 22 हजार करोड़ पार हो चुका है। इससे लगभग 88 लाख लोगों का जुड़ना दर्शाता है कि यह उद्योग उन्हें बिना किसी निवेश के रोजगार, आजीविका और आय के वैकल्पिक साधन उपलब्ध करवा रहा है।
आईडीएसए के चेयरमैन विवेक कटोच ने कहा कि हरियाणा ने वर्ष 2023-2024 के दौरान डायरेक्ट सेलिंग क्षेत्र में 1041 करोड़ से अधिक का कारोबार किया और पश्चिमी राज्यों में लगातार पहला, उत्तरी क्षेत्र में दूसरा और देश में सातवां स्थान बरकरार रखा है।