मुख्यमंत्री दो विधानसभा क्षेत्रों का कर चुके हैं दौरा, अन्य मंत्री भी जल्द जाएंगे बिहार दौरे पर
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों को जिम्मेदारी दी है। इनमें से कुछ मंत्री बिहार का दौरा कर वापस आ गए हैं तो कुछ जाने की तैयारी में जुटे हैं। मंत्रियों व विधायकों को एक से दो विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। ये मंत्री व विधायक क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में रैलियां करेंगे। कुछ को बूथ मैनेजमेंट का भी काम सौंपा गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बिहार का दौरा कर दो विधानसभा क्षेत्रों में रैली कर चुके हैं। यह रैलियां कटिहार विधानसभा और त्रिवेणीगंज विधानसभा क्षेत्र में हुईं थीं।
बिहार में भाजपा ने 101 से ज्यादा उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। बिहार में पहले चरण का चुनाव छह नवंबर को होगा। ऐसे में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। हाईकमान ने इसके लिए हरियाणा समेत अन्य राज्यों के भाजपा नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। हरियाणा से भाजपा ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुज्जर, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, निकाय मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर, खेल मंत्री गौरव गौतम, विधायक ओम प्रकाश यादव, विधायक मुकेश शर्मा, विधायक सतीश कुमार फागना, विधायक धनेश अदलखा, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, पूर्व मंत्री अभय सिंह यादव, पूर्व मंत्री असीम गोयल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला आदि को जिम्मेमदारी साैंपी है। कई अन्य विधायकों व मंत्रियों को बाद में जिम्मेदारी दी जा सकती है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पहले भी अन्य राज्यों के चुनाव में जिम्मेदारी मिलती रही है। पिछले साल धमाकेदार जीत के बाद पार्टी ने नायब सिंह सैनी को महाराष्ट्र और दिल्ली चुनाव में अहम जिम्मेदारी दी थी। दिल्ली में तो उन्होंने बहुत ही मुखर होकर चुनाव प्रचार किया था। उन्होंने चुनाव प्रचार में प्रदूषित यमुना का मुद्दा बनाकर इसे चर्चा में ला दिया था। अब बिहार चुनाव में भी उन्हें खास जिम्मेदारी दी गई है।
हरियाणा में एक लाख बिहार के लोगों से साधा संपर्क
बिहार चुनाव को लेकर हरियाणा में भाजपा काफी दिन से सक्रिय थी। पिछले कुछ महीनों में पूरे हरियाणा में जगह-जगह बैठकें कर एक लाख लोगों से संपर्क साधकर उन्हें भाजपा के पक्ष में करने का प्रयास किया गया। हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, सोनीपत, करनाल में यह बैठकें की गईं। पिछले साल छठ पूजा में भी भाजपा की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। इसी साल भाजपा ने पहली बार बिहार दिवस भी मनाया था जिसमें मुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों को विशेष तौर पर जिम्मेदारी दी गई थी। इस बार भी छठ पूजा के लिए हरियाणा सरकार की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस सिलसिले में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी बैठक भी कर चुके हैं।