कर्मचारी नेताओं ने की मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्व एवं निकाय मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात की। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की मानी गई मांगों को लागू करने में देरी हो रही है। राजस्व मंत्री ने आश्वासन दिया है कि 11 सितंबर के समझौते को तुरंत लागू किया जाएगा।
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह, महासचिव गुलशन भारद्वाज ने मंत्री से मुलाकात के बाद बयान जारी किया है। शास्त्री ने कहा कि दमकल कर्मचारियों को 5000 रुपये मासिक जोखिम भत्ता देने के लिए मंत्री ने निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही 7500 रुपये वर्दी भत्ता भी दिया जाएगा। निलंबित नियमित फायर कर्मचारियों का निलंबन रद कर उन्हें बहाल करने के निर्देश भी दिए गए हैं। शास्त्री ने कहा कि मंत्री ने अग्निशमन विभाग में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का भी आश्वासन दिया है। इसके लिए भर्ती एवं सेवा नियम निर्धारित करने वाली समिति का पुनर्गठन किया जाएगा।