चंडीगढ़। राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री काॅलेज (आरआइएमसी) की एक जून 2025 को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए सैनिक और अर्ध सैनिक कल्याण विभाग हरियाणा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश-पत्र जारी कर दिए गए हैं। दूसरी सभी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं और परीक्षा केंद्र भी तय कर लिया है। सैनिक और अर्ध सैनिक कल्याण विभाग हरियाणा के उप निदेशक पंचकूला ने तैयारियों को लेकर जानकारी दी। यह भी बताया कि राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविद्यालय देहरादून में प्रवेश पाने के लिए होने वाली परीक्षा के लिए प्रदेश में एकमात्र परीक्षा केंद्र के रूप में सेक्टर-14 स्थित राजकीय पीजी महिला महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस परीक्षा में कुल 307 परीक्षार्थी शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि शैक्षणिक सत्र जनवरी 2026 के लिए परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा। ब्यूरो