हरियाणा के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित कॉलेजों में स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों के दूसरे, तीसरे और चौथे वर्ष में प्रमोशन/प्रवेश लेने वाले छात्रों को राहत मिली है। उच्च शिक्षा विभाग ने फीस जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दी है।
पहले तय समय सीमा तक प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाने वाले छात्र अब अतिरिक्त समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। उच्च शिक्षा महानिदेशक की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि विभिन्न कॉलेजों और छात्रों की ओर से प्रवेश पोर्टल दोबारा खोलने और समय बढ़ाने के अनुरोध प्राप्त हुए थे। इन्हीं अनुरोधों को देखते हुए फीस जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है।
यह व्यवस्था हरियाणा के सभी विश्वविद्यालयों के अंतर्गत आने वाले सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित कॉलेजों में लागू होगी। विभाग ने संबंधित विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों और कॉलेज प्राचार्यों को विद्यार्थियों को इसकी जानकारी देने तथा लंबित प्रवेश प्रक्रिया पूरी करवाने के निर्देश दिए हैं। अब संबंधित विद्यार्थी 23 अगस्त तक प्रमोशन/प्रवेश की फीस जमा कर सकेंगे। विभाग का उद्देश्य शेष विद्यार्थियों को अवसर देकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराना है।