चंडीगढ़। सीएम नायब सिंह सैैनी ने मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर जमकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मान सरकार को किसानों के हित के लिए काम करना चाहिए।
उन्हें किसानों को गारंटी देनी चाहिए कि वे उनकी फसल को एमएसपी पर खरीदेंगे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, बल्कि मान सरकार ने किसानों पर लाठी चलवाने का काम किया।
संत कबीर कुटीर में आयोजित एक कार्यक्रम में बोले कि जिस प्रकार आम आदमी पार्टी का दिल्ली के लोगों ने सूपड़ा साफ किया है, उसी प्रकार आने वाले समय में पंजाब के लोग भी इस पार्टी का सूपड़ा साफ करने का काम करेंगे। सैनी ने पंजाब की सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पंजाब की सरकार ने महिलाओं से 2100 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन आज तक उस वायदे को पूरा नहीं किया।
वे केवल वोट की राजनीति करने का काम करते हैं, जबकि हरियाणा में हमारी डबल इंजन की सरकार ने महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत वित्तीय सहायता देने का संकल्प किया था और इस संकल्प को पूरा करते हुए हमने इसी वर्ष के बजट में 5 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।