हरियाणा में मेयर पद के लिए चुनावी जंग का मैदान तैयार हो चुका है। उम्मीदवार जनता के पास जाकर लंबे-चौड़े वादे कर रहे हैं। इस बार मेयर पद की दौड़ में इंजीनियर और वकील से लेकर मोटिवेशनल स्पीकर मैदान में हैं। प्रोफेशनल उम्मीदवार के बीच कई गृहणियां भी राजनीति में किस्मत आजमा रही हैं।
करनाल नगर निगम में मेयर पद के लिए निर्दलीय उम्मीदवार मुकेश रघुवंशी शिक्षक के साथ मोटिवेशनल स्पीकर हैं। वह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से बीएससी पासआउट हैं। इसी चुनावी मैदानी में भाजपा की रेणुबाला ग्रेजुएट हैं तो कांग्रेस उम्मीदवार मनोज कुमार बीकॉम डिग्री धारक हैं।
सोनीपत नगर निगम में आप उम्मीदवार डॉ. कमलेश कुमार सैनी पेशे से इंजीनियर हैं। उनके पास एमबीए, एमटेक और पीएचडी की डिग्रियां हैं और वे प्राइवेट लैब में काम करते हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार डॉ. राजीव जैन ग्रेजुएट हैं। वे लॉर्ड बाहुबली प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान 12वीं पास हैं।