हरियाणा में अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस पर जगह-जगह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सीएम नायब सैनी कुरुक्षेत्र पहुंचे और स्वामी रामदेव के साथ योग किया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी की मौजूदगी में योग गुरु स्वामी रामदेव ने मेला ग्राउंड में हजारों बच्चों को योगाभ्यास करवाया और कहा कि यह एक दिन का नहीं बल्कि जीवन भर का अभ्यास होना चाहिए। योग गुरु ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को योगी मुख्यमंत्री बताते हुए उनकी मौजूदगी में ही ऐलान किया कि आज से कुरुक्षेत्र का यह मेला ग्राउंड योग मैदान कहलाएगा। कुरुक्षेत्र की धारा धर्म धरा के साथ-साथ अब योग धारा भी कहलाएगी। आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इस धारा से पूरी दुनिया को योग अपने का बड़ा संदेश पहुंचा है।
बहादुरगढ़ में हरियाणा के तैराकों ने भी स्विमिंग पूल के अंदर योग करते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। शहर की एचएल सिटी स्थित चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी में तैराकों ने ट्रेनिंग सेशन की शुरुआत योग से की। भारतीय तैराकी संघ के उपाध्यक्ष एवं हरियाणा ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष और हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री ने भी तैराकों के साथ मिलकर योग किया। पानी के अंदर योग मुद्राओं से तैराकों ने योग की महत्ता और स्वस्थ रहने का मंत्र भी लोगों को दिया है। एसएफआई के उपाध्यक्ष अनिल खत्री ने योग की महत्ता बताते हुए कहा कि निरोगी रहने के लिए योग करना बेहद जरूरी है। सुबह सवेरे सैर और योगासन करने से आम व्यक्ति का शरीर और मन निर्मल रहता है। वंही एक खिलाड़ी के लिए योगासन उसे एकाग्रचित होने के साथ शारीरिक और मानसिक ताकत प्रदान करते है। उन्होंने तैराकों को स्विमिंग पूल में उतरने से पहले योगासन करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि योग से शरीर के असाध्य रोग भी दूर हो जाते हैं। योग करने से शरीर में ताकत और लचीलापन भी आता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से योग का नियमित अभ्यास करते रहने को भी कहा है। इस मौके पर हरियाणा तैराकी संघ के सदस्य सुरेश जून, सीनियर तैराकी कोच साई जाधव, पदमपाल, बंटी, विशाल और मुरली भी मौजूद रहे।