- इनेलो ने बजट सत्र के लिए 11 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिए
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शुक्रवार से शुरू होने वाले बजट सत्र को लेकर इनेलो ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। इनेलो विधायक दल के नेता अदित्य देवीलाल और विधायक अर्जुन चौटाला ने सदन में जनहित से जुड़े 11 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं।
इन प्रस्तावों में एसवाईएल नहर निर्माण पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद कार्रवाई न होने का मुद्दा, प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, सरकारी स्कूलों में हजारों खाली पड़े शिक्षकों के पद, बढ़ती नशे की समस्या, विश्वविद्यालयों में स्टाफ की कमी, एचटेट में 72 लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली, वृद्धावस्था सम्मान पेंशन, चंडीगढ़ में विधानसभा भवन के लिए जमीन आवंटन, श्रम विभाग में 1500 करोड़ रुपये के कथित घोटाले, वोकेशनल शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी और धान-बाजरा खरीद में अनियमितताओं जैसे विषय शामिल हैं।
इसके अलावा अदित्य देवीलाल ने मुख्यमंत्री सहित विभिन्न विभागों के मंत्रियों से पूछने के लिए 9 तारांकित और 2 अतारांकित प्रश्न रखे हैं। वहीं अर्जुन चौटाला ने भी मुख्यमंत्री व संबंधित मंत्रियों से 8 तारांकित और 2 अतारांकित प्रश्नों के माध्यम से सरकार को घेरने की तैयारी की है। इनेलो नेताओं का कहना है कि बजट सत्र में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को पार्टी मजबूती से उठाएगी और जनता की आवाज सदन तक पहुंचाएगी।