- इनेलो अध्यक्ष बोले- बजट में कुछ नहीं है केवल लीपापोती की गई
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि निकाय चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ा जाएगा। मंगलवार को होने वाली पार्टी की बैठक में बुजुर्गों को सम्मान के रूप में दी जाने वाली पेंशन काटे जाने के मामले पर विचार-विमर्श किया जाएगा। चौटाला ने कहा कि केंद्र सरकार के बजट में शिक्षा व खेल क्षेत्र को अनदेखा किया गया है। 53 लाख 5 करोड़ का कुल बजट पेश हुआ है, इसका 24 फीसदी कर्ज लेना है और 14.04 फीसदी ब्याज सरकार को चुकाना है।
अभय चौटाला ने कहा कि प्रधानमंत्री के नाम से चल रही योजनाओं में पिछले बजट में पूरा पैसा ही खर्च नहीं हुआ और लैप्स हो गया। प्रधानमंत्री आवास योजना में 2025-26 में 57 हजार 832 करोड़ रुपये खर्च करना था जबकि 32 हजार 500 करोड़ रुपये ही खर्च हुए। पीएम शहरी आवास योजना में 2025-26 में 3500 करोड़ रुपये का प्रावधान था लेकिन मात्र 300 करोड़ रुपये खर्च हुआ। पीएम सड़क योजना पर 19 हजार करोड़ रूपये खर्च करना था लेकिन 11 हजार करोड़ रुपये ही खर्च हुआ। इन योजनाओं में बची राशि लैप्स हो गई। अकाली नेता बिक्रमजीत मजीठिया की जमानत पर चौटाला ने कहा कि सरकार विरोधियों को प्रताड़ित करती है और झूठे मुकदमे बनाती है।