चंडीगढ़। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अगर 30 जून तक भाजपा सरकार ने बिजली के बढ़े रेट कम नहीं किए तो इनेलो पार्टी एक जुलाई को सेक्टर-6 स्थित शक्ति भवन पर जोरदार प्रदर्शन करेगी।
प्रदर्शन में उनकी अगुवाई में राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, विधायक अदित्य देवीलाल, विधायक अर्जुन चौटाला, संगठन सचिव उमेद लोहान, महिला और युवा प्रकोष्ठ समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
प्रदेश की जनता बिजली के बिल चार गुना बढ़ कर मिलने से सकते में है और बिजली मंत्री बेशर्मी से सरे आम मीडिया में बयान दे रहे हैं कि सरकार ने बिजली की दरों में कोई परिवर्तन नहीं किया है। भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्री मुफ्त में मिल रही सरकारी सुविधाओं का भरपूर आनंद ले रहे हैं।