मंत्री नागर बोले- उपभोक्ता सहायता केंद्र में प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत समाधान हुआ
चंडीगढ़। हरियाणा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर राज्य उपभोक्ता सहायता केंद्र में 11 वर्षों में 76,826 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। विभाग के मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश के उपभोक्ता सहायता केंद्र में आने वाली सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत समाधान किया गया है। ये राशन डिपो बंद होने, राशन कम मिलने, डिपो संचालक की ओर से बुरा बर्ताव करने सहित अन्य तरह की शिकायतें हेल्पलाइन नंबर पर वर्ष 2014 से फरवरी 2025 तक आई हैं।
मंत्री नागर ने कहा कि उपभोक्ताओं की सभी प्रकार की शिकायतों के निवारण और समाधान करने के लिए राज्य उपभोक्ता सहायता केंद्र सभी कार्य दिवसों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यरत हैं। विभाग की ओर से हरियाणा राज्य में उपभोक्ता शिकायतें सुलझाने के लिए राज्य उपभोक्ता हेल्पलाइन संचालित है। इसके लिए टोल फ्री नंबर है 1800-180-2087, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए नंबर है- 1967, एक राष्ट्र- एक राशन कार्ड के लिए नंबर 1800-180-2045 और एक राष्ट्र-एक राशन कार्ड प्रवासी मजदूर के लिए टोल फ्री नंबर 14445 है।