अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा यूनिवर्सिटीज़ कॉन्ट्रैक्चुअल टीचर्स एसोसिएशन (हुकटा) के प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ स्थित आवास पर मुलाकात कर विश्वविद्यालयों में कार्यरत करीब 1400 अनुबंधित शिक्षकों के लिए सेवा सुरक्षा विधेयक आगामी बजट सत्र में लाने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व डॉ. विजय मलिक और डॉ. अमित मलिक ने किया।
हुकटा के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उच्चतर शिक्षा विभाग ने 9 दिसंबर 2025 को कृषि, पशुपालन, कौशल, आयुष, खेल और स्वास्थ्य विभागों के अधीन आने वाले विश्वविद्यालयों से निर्धारित प्रारूप में अनुबंधित शिक्षकों के संबंध में सूचना मांगी थी लेकिन लगभग 50 दिन बीतने के बाद भी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे विधेयक की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों और विश्वविद्यालयों से सूचना जल्द मंगवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए जाएंगे।