अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा विश्वविद्यालय अनुबंधित शिक्षक संघ हरियाणा (हुकटा) के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ स्थित सीएम निवास पर मुलाकात कर अपनी मांग रखीं। हुकटा ने विश्वविद्यालयों में कार्यरत पात्र अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों के लिए सेवा सुरक्षा विधेयक को शीतकालीन विधानसभा सत्र में प्रस्तुत कर अधिनियम पारित किए जाने की मांग रखी।
हुकटा ने सीएम के समक्ष चिंता व्यक्त की कि एक वर्ष से प्रतीक्षारत विश्वविद्यालयों के अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों को दोबारा निराशा का सामना करना पड़ सकता है क्योंकि अंतिम चरण में शिक्षा विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों से भी सूचना मंगाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है जिससे निर्णय में अनावश्यक विलंब की संभावना बन रही है। प्रतिनिधिमंडल में हुकटा के अध्यक्ष विजय कुमार सहित बीपीएस महिला विश्वविद्यालय, सोनीपत एवं महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के अनुबंधित शिक्षक उपस्थित रहे।