अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) में हाउसिंग बोर्ड का विलय हो चुका है। अब हाउसिंग बोर्ड से जुड़ी योजनाओं के सभी संपत्ति मालिकों के पंजीकरण, आवंटन आदि कार्य एचएसवीपी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से होंगे।
हाउसिंग बोर्ड की संपत्तियों की ई-ऑक्शन व अन्य अधिकारिक सूचनाएं भी एचएसवीपी की वेबसाइट के माध्यम से जारी की जाएंगी। एचएसवीपी की ओर से जारी सूचना के अनुसार विलय के बाद हाउसिंग बोर्ड हरियाणा की सभी योजनाओं, सेवाओं, टेंडरों, आवंटन, पंजीकरण आदि का ब्योरा एचएसवीपी के आधिकारिक वेबसाइट पर ही मिलेगा।
अब 30 जुलाई को होगी ई-ऑक्शन
एचएसवीपी की ओर से प्रदेश के विभिन्न सेक्टरों में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों स्कूल, क्रेच, कम्युनिटी सेंटर, नर्सिंग होम, डिस्पेंसरी, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठान आदि के लिए 15 जुलाई को भूमि की ई-ऑक्शन होनी थी। एचएसवीपी ने अब इस ई-ऑक्शन की तिथि में बदलाव करते हुए इसे 30 जुलाई कर दिया है।