फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh-Haryana News: सीईटी में रचा इतिहास, पहले दिन छह लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 15 दिन में आएगा परिणाम

विज्ञापन
विज्ञापन
-आज भी दो चरणों में साढ़े छह लाख से अधिक अभ्यर्थी लेंगे भाग, सात जिलों में बायोमीट्रिक हाजिरी में आई दिक्कत
विज्ञापन

-पुख्ता इंतजामों की वजह से नहीं दिखी अव्यवस्था, बसों ने समय पर पहुंचाया
-नकल, सर्वर हैक या पीपर लीक की कोई घटना नहीं, सीएम सैनी अधिकारियों से लेते रहे अपडेट
-आयोग के चेयरमैन ने भी परीक्षा केंद्रों पर जाकर जांचीं व्यवस्थाएं
-2674 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई परीक्षा

अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा की सबसे बड़ी परीक्षा सीईटी (संयुक्त पात्रता परीक्षा) में शनिवार को युवाओं ने इतिहास रच दिया। परीक्षा के पहले दिन 6 लाख 75 हजार 51 परीक्षार्थियों में से 90 फीसदी यानी छह लाख से अधिक ने ग्रुप सी के पदों के लिए परीक्षा दी। प्रदेश के सभी 22 जिलों व चंडीगढ़ में कुल 2674 परीक्षा केंद्रों पर हुई इस परीक्षा में कहीं कोई बड़ी खामी या गड़बड़ी सामने नहीं आई। नकल, सर्वर हैक अथवा पेपर लीक की भी कोई घटना नहीं हुई। हालांकि सात जिलों के कुछ केंद्रों में बायोमीट्रिक उपस्थिति को लेकर खामी जरूर दिखी, लेकिन इससे परीक्षा पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। किसी को भी परीक्षा देने से रोका नहीं गया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूरा ने पूरा दिन परीक्षा की गतिविधियों पर नजर रखी और वे मुख्यमंत्री आवास से ही परीक्षा केंद्रों का फीडबैक लेते रहे। इनके अलावा, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने रोहतक, सोनीपत व नूंह के परीक्षा केंद्रों पर जाकर व्यस्थाएं जांचीं। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए हैं। इससे पहले 50 से 60 प्रतिशत ही परीक्षा में भाग लेते थे। सोनीपत में उन्होंने दावा किया कि परीक्षा का परिणाम 15 दिन के भीतर जारी कर दिया जाएगा। आंसर की रविवार की परीक्षा के तुरंत बाद जारी कर दी जाएगी। उन्होंने यूट्यूबर को एक बार फिर से आगाह किया है कि वे पेपरों का रविवार तक विश्लेषण न करें। यदि कोई करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

सभी जिलों में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक व अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों, बस स्टैंड व अन्य आवश्यक स्थलों का निरीक्षण किया। हर परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी निगरानी, फ्लाइंग स्क्वाड, ड्यूटी मजिस्ट्रेट व नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह का व्यवधान न आए।
दूसरी ओर परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों में गजब का उत्साह दिखा। पहला चरण की परीक्षा दस बजे शुरू होनी थी, मगर अधिकतर बच्चे केंद्र पर आठ बजे ही पहुंच गए। उनको गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन विभाग ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। रविवार को भी सुबह व दोपहर की शिफ्ट में यह परीक्षा होगी। आयोग के अनुसार, दूसरे दिन के लिए साढ़े छह लाख अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र जारी किए गए हैं। बता दें कि यह परीक्षा तीन साल बाद में दूसरी बार हो रही है। इससे पहले सरकार ने 2022 में ग्रुप सी व डी के लिए परीक्षा करवाई थी।


नकल रोकने के लिए गहन इंतजाम
नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम किए गए। गहन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया गया। परीक्षार्थियों के जूते उतरवाकर जांच की गई। परीक्षा केंद्रों के बाहर ही युवतियों व महिलाओं की चूड़ियां, पायल, घड़ी और धागे भी उतरवाए गए। कई परीक्षा केंद्रों पर इंटरनेट बंद भी रहा।

दो परीक्षार्थियों की सड़क हादसे में माैत
सोनीपत और पलवल में परीक्षा देने जा रही दो महिला परीक्षार्थियों की सड़क हादसे में मौत हो गई। सोनीपत में मरने वाली परीक्षार्थी अंजना की माैत कार पलटने से हुई। इस हादसे में उसके पति प्रदीप, 10 महीने की बेटी याश्विन और देवर सिद्धार्थ बुरी तरह से घायल हो गए। ये परिवार रेवाड़ी में भाड़ावास गांव का रहने वाला था। वहीं, पलवल में कैंटर की टक्कर से बाइक सवार परीक्षार्थी श्वेता की मौत हो गई। उसके पिता घायल हो गए। फतेहाबाद में कार की टक्कर से नेत्रहीन भाई के साथ परीक्षा देकर लौट रहे युवक की जान चली गई।

पहली शिफ्ट खत्म होने के बाद शहरों में लगा जाम

पहली शिफ्ट खत्म होने के बाद कुछ शहरों में जाम लगा। पहली शिफ्ट खत्म होने और दूसरी शिफ्ट के परीक्षार्थियों के आने से यह स्थिति बनी। गुरुग्राम, चंडीगढ़, सोनीपत, हिसार जैसे शहरों में दोपहर के वक्त जाम रहा। इसके अलावा, अंबाला-चंडीगढ़ रूट पर दोपहर के दौरान गाड़ियों की गति धीमी देखी गई। हालांकि गृह विभाग की ओर से ट्रैफिक पुलिस को पहले से ही अगाह कर दिया था कि जाम की स्थिति न बने। ट्रैफिक चौराहों व परीक्षा केंद्रों के बाहर ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी तैनात रहे और जाम खुलवाने में जुटे रहे।
-

प्रबंधों के कारण परीक्षा से वंचित नहीं रहे अभ्यर्थी
कुरुक्षेत्र में डायल 112 सेवा की सक्रियता से एक अभ्यार्थी को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाया गया। वह अभ्यार्थी ट्रेन से सोनीपत से परीक्षा देने आ रही थी, जो बीच में करनाल के तरावड़ी स्टेशन पर रुक गई। इस पर करनाल व कुरुक्षेत्र पुलिस के संयुक्त प्रयास से उसे परीक्षा केंद्र पर पहुंचाया गया। पंचकूला में बाहर से आने वाले अभ्यार्थियों को 3-4 मिनट के अंतराल में बसों के जरिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। वहीं, नारनौल में जिला रेडक्रॉस समिति के स्वयंसेवकों ने ट्राईसाइकिल की सहायता से दिव्यांग अभ्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया। जींद में प्रशासन ने 21 स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की। इससे जाम नहीं लगा।

श्रेणी भरने के लिए खोला जाएगा पोर्टल
आयोग के चेयरमैन ने कहा कि परीक्षा के बाद उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार पोर्टल खोेला जाएगा और उन अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा, जो आवेदन में अपनी श्रेणी नहीं भर पाए थे। इससे अभ्यर्थियों को अपनी श्रेणी शिफ्ट करने का अवसर मिलेगा।
विज्ञापन


सीएम सैनी ने अभ्यार्थियों को दी बधाई
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीईटी देने वाले अभ्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कहा, जिस उद्देश्य से वे परीक्षा में भाग ले रहे है वे उसमें सफलता हासिल करें और वे सभी परीक्षार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। परीक्षा संचालन के कार्य में लगे सभी अधिकारी व कर्मचारी भी बधाई के पात्र हैं। परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें