आखिरी बातचीत और संदिग्ध परिस्थितियां
सविता नरवाल का कहना है कि 27 फरवरी को शाम 4 बजे तक हिमानी उनके साथ थी। उसने बताया कि वह दिल्ली के लिए निकली है और दिल्ली बाइपास से बस ली। रात में मां के साथ उसकी दोबारा बात हुई। उसने कहा कि अगले दिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कार्यक्रम है, इसलिए वह व्यस्त रहेगी और फ्री होने पर कॉल करेगी। सविता ने कहा कि वह पूरा दिन हिमानी की कॉल का इंतजार करती रही, लेकिन रात में जब उन्होंने फोन मिलाया तो नंबर बंद था। अगली सुबह जब दोबारा कॉल किया, तो दो बार फोन ऑन हुआ और फिर बंद हो गया। इसके बाद दोपहर 3 बजे पुलिस स्टेशन से कॉल आया।
परिवार ने शव लेने से किया इनकार
हिमानी नरवास की हत्या के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है। हिमानी की मां सविता और भाई जतिन ने कहा कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक वह शव नहीं लेंगे। जतिन ने कहा कि पहले भाई की हत्या हुई थी और अब बहन की भी हत्या कर दी गई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि वह उनकी बेटी को न्याय दिलाए। जब तक न्याय नहीं मिलेगा तब तक हम शव नहीं लेंगे और अंतिम संस्कार भी नहीं करेंगे।
कांग्रेस की पुरानी आदत- अनिल विज
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने हिमानी नरवाल हत्या मामले को लेकर कहा कि जो उसकी (हिमानी) मां ने कांग्रेस पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। यह बहुत ही गंभीर मामला है। कांग्रेस के लोग पहले भी ऐसा करते रहे हैं। आगे बढ़ने के लिए दूसरों को पीछे धकेलना इनकी पुरानी आदत है। पुलिस इसकी गहराई से जांच कर रही है। जो भी इस मामले की सच्चाई होगी, उसे अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
मामले की जांच कर रहे एसआई देवेंद्र ने बताया कि जैसे ही शव बरामद हुआ, हमने तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को बुलाया। उन्होंने मौके से सभी जरूरी सबूत इकट्ठा कर लिए हैं। शव की पहचान हो गई है और पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। जो साक्ष्य हमारे पास हैं और जो रिपोर्ट आएगी, दोनों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।
हत्या का मामला दर्ज, कई एंगल से जांच
जांच अधिकारीव देवेंद्र का कहना है कि जो शुरुआती साक्ष्य मिले हैं, उसके आधार पर हमने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के परिजनों ने बताया कि वह कांग्रेस कार्यकर्ता थी और लॉ की पढ़ाई कर रही थी। हम इस केस को कई एंगल से देख रहे हैं, लेकिन आगे की कार्रवाई सबूतों और रिपोर्ट्स के आधार पर करेंगे।
गीता भुक्कल ने जताई गहरी चिंता
कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने इस घटना को अमानवीय करार देते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। हरियाणा कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि यह एक बहुत ही दर्दनाक घटना है। एक बेटी की जिस तरीके से हत्या की गई, वह चिंता का विषय है। हमारा राज्य और समाज आखिर किस दिशा में जा रहा है? हिमानी नरवाल पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता थीं। इस मामले में गहन जांच होनी चाहिए। मैं मांग करती हूं कि इस घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाए, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके।
हत्या से मचा राजनीतिक भूचाल
इस जघन्य हत्या को लेकर हरियाणा की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने सरकार पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कई पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रेय ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, एक जघन्य अपराध है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जो लोग इसमें शामिल हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। चाहे वे किसी भी पार्टी से जुड़े हों, चाहे वे कोई भी राजनेता हों या कोई आम नागरिक, पुलिस अपना काम कर रही है।
वे बहुत जल्द सलाखों के पीछे होंगे... मृतक की मां ने कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं पर आरोप लगाए हैं, उन्होंने कुछ संदेह जताया है। इससे एक बात तो साफ हो जाती है कि कांग्रेस पार्टी वैचारिक और चरित्र के मामले में बहुत नीचे गिर चुकी है। यह कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी स्थिति को दर्शाता है... मैंने इस बारे में कुछ अधिकारियों से बात की है, जो भी इसमें शामिल है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।