हरियाणा में संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए रात 11.59 बजे से पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) शुरू होगा। रजिस्ट्रेशन के पूर्व यदि किसी अभ्यर्थी को इससे जुड़ी किसी भी प्रकार की कोई जानकारी लेनी हो तो सीईटी हेल्पलाइन नंबर 9063493990 पर कॉल कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन नंबर सिर्फ सीईटी अभ्यर्थियों के लिए है।
एक घंटा 45 मिनट की परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। सभी सवालों के चार विकल्प होंगे। यदि कोई किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहते तो पांचवें विकल्प को भर सकेंगे। किसी भी सवाल का जवाब गोले में न भरने पर एक नंबर कटेगा यानी सभी सवालों को हल करना आवश्यक है। पीपीपी(परिवार पहचान-पत्र) और आधार कार्ड देने पर शुल्क में 50 प्रतिशत तक छूट मिलेगी।
-परीक्षा 100 अंकों की होगी। सामान्य जागरूकता, हिंदी-अंग्रेजी, तार्किक क्षमता, क्वांटीटेटिव योग्यता के 75 प्रतिशत अंक होंगे।
-हरियाणा के इतिहास, साहित्य, भूगोल, सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण, भूगोल, समसामयिक जानकारी के 25 अंक मिलेंगे।
- सामान्य वर्ग के लिए शैक्षणिक योग्यता, पीपीपी(यदि लागू हो), हस्ताक्षर, आधार कार्ड आदि के स्कैन दस्तावेज लगाने होंगे।
- आरक्षिण श्रेणी के युवाओं के जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र व अन्य स्कैन दस्तावेज साथ लगाने होंगे।
जो उम्मीदवार नवंबर 2022 में आयोजित सीईटी में शामिल हो चुके हैं, उन्हें अपने पूर्व के सीईटी पंजीकरण नंबर का ही उपयोग करना होगा। नए अभ्यर्थियों को एक नया पंजीकरण नंबर जारी किया जाएगा, जोकि आगामी सभी प्रक्रियाओं के लिए मान्य रहेगा।
ग्रुप-सी के लिए जून में परीक्षा हो सकती है, ऐसे में संभावनाएं हैं कि जून के आखिर या फिर जुलाई की शुरुआत में ग्रुप-डी की परीक्षा कराई जाए। आयोग के अनुसार, दोनों में परीक्षा देने वालों का आंकड़ा 30 लाख पहुंच सकता है।
बीसी(बैकवर्ड क्लास)-ए और बीसी-बी और ईडब्ल्यूएस(आर्थिक रूप से कमजोर) वर्ग के अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र एक अप्रैल 2025 के बाद और अंतिम तिथि से पहले ही जारी होने चाहिए। वंचित अनुसूचित जाति (डीएससी) और अन्य अनुसूचित जाति (ओएससी) वर्गों के प्रमाण पत्र अंतिम तिथि से पूर्व जारी होना अनिवार्य है। भूतपूर्व सैनिकों के पारिवारिक सदस्यों के लिए पात्रता प्रमाण पत्र 13 जून 2024 के बाद और अंतिम तिथि से पहले नवीनीकृत या जारी होना चाहिए।