चंडीगढ़। राजस्थान के पिलानी में 16 से 21 दिसंबर तक आयोजित 49वीं जूनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। पुरुष वर्ग में हरियाणा की टीम ने फाइनल मुकाबले में दिल्ली को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। महिला वर्ग में हरियाणा की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया।
मंगलवार को भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं इंडियन नेशनल लोकदल के वरिष्ठ नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला ने डबवाली रोड स्थित अपने आवास पर विजेता पुरुष और उपविजेता महिला टीम के खिलाड़ियों का स्वागत कर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहसचिव सूबे सिंह भी उपस्थित रहे। हरियाणा वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष कर्ण चौटाला ने भी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विज्ञापन
हरियाणा वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव विजय सिंह ने बताया कि पुरुष वर्ग में हरियाणा की टीम ने सेमीफाइनल में तमिलनाडु को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में टीम ने दिल्ली को 3-1 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं महिला वर्ग में हरियाणा की टीम ने सेमीफाइनल में मेजबान राजस्थान को 3-0 से हराया और फाइनल में तमिलनाडु के खिलाफ कड़ा मुकाबला करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ी दीपक को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। इस अवसर पर चौधरी अभय सिंह चौटाला ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हरियाणा को देश में शीर्ष स्थान दिलाएं। उन्होंने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी हमेशा खिलाड़ियों और खेलों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।