हरियाणा पुलिस के ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत 11वें दिन विभिन्न अपराधों में शामिल 96 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अब तक कुल 3172 अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इन गिरफ्तारियों में संगीन और गंभीर अपराधों में शामिल 610 अभियुक्त शामिल हैं, जबकि अन्य मुकदमों में गिरफ्तार अपराधियों की कुल संख्या 2562 हो गई है।
करनाल पुलिस ने अपनी मुस्तैदी और सक्रियता दिखाते हुए छीना-झपटी और फायरिंग जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम देने वाले कुल चार वांछित और कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर जिले में कानून का राज और मजबूत किया है।
इस कड़ी में, पहली कार्रवाई लूटपाट और छीना-झपटी के एक मामले से जुड़ी है। दिनांक 13 नवंबर 2025 को नहर की पटरी पर गांव कलरी नन्हेड़ा की ओर जा रहे शिकायतकर्ता कमलजीत के साथ आरोपी और उसके साथियों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में थाना इंद्री में मुकदमा नंबर 650 दर्ज किया गया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए, इंद्री थाना प्रबंधक निरीक्षक विपिन कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक सुमित कुमार की टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी योगेश पुत्र दान सिंह निवासी नौरथा, इंद्री, करनाल को सफलतापूर्वक काबू कर लिया। जानकारी देते हुए बताया गया कि गिरफ्तार आरोपी योगेश बेहद शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ सिर्फ यह लूट का मामला ही नहीं, बल्कि विभिन्न संगीन धाराओं के तहत आठ अन्य मामले पहले से ही इंद्री पुलिस स्टेशन में दर्ज हैं, जिनमें चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। गहन पूछताछ के बाद, आरोपी योगेश को आज माननीय न्यायालय के सम्मुख पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।